मड़ियाहूं तहसील समाधान दिवस में 78 प्रार्थना पत्र, सात का मौके पर निस्तारण*

बृज बिहारी दुबे
By -

 * रिपोर्टर दीपक शुक्ला * 

मड़ियाहूं जौनपुर तहसील सभागार में शनिवार को तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने की। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 78 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में विशेष सावधानी बरती जाए और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं स्पष्ट आख्या के साथ निस्तारण किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आईजीआरएस की शिकायतों के निस्तारण में जियो-टैग/जियो-टाइप फोटो आवश्यकतानुसार संलग्न किए जाएं, ताकि मौके पर किए गए कार्य की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा समय सीमा के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व, विकास, नगर पंचायत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की गईं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार रवि रंजन कश्यप, नायब तहसीलदार शीतल प्रसाद सिंह, अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह, खंड विकास अधिकारी अभिनव सरोज, खंड विकास अधिकारी वर्षा बंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!