पुलिस टीम मुंबई पहुंचकर बालक को लाई वापस, अपहरण के मामले में आरोपी गिरफ्तार
जौनपुर। रामपुर थाना पुलिस ने अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए मुंबई से 10 वर्षीय बालक को सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी अरबाज पुत्र स्वर्गीय इलियास, निवासी गोपालापुर, थाना रामपुर, जनपद जौनपुर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को 10 अक्टूबर की रात मुंबई के तुर्वे स्थित सेक्टर नंबर 24 से गिरफ्तार किया गया। रविवार, 11 अक्टूबर को पुलिस टीम बालक और आरोपी को लेकर रामपुर थाने पहुंची।
स्कूल जाते समय अपहरण का आरोप
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे रामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय बालक स्कूल जा रहा था। आरोप है कि अरबाज अपने अन्य साथियों के साथ बालक को पकड़कर उसका मुंह ढकने के बाद मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया। इसके बाद बालक को लेकर मुंबई चले जाने की बात सामने आई।
मामले में थाना रामपुर में मुकदमा संख्या 194/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(2), 115(2), 352, 351(3) और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुंबई पहुंचकर पुलिस ने की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपहृत बालक की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम मुंबई रवाना हुई। वहां स्थानीय पुलिस की सहायता से कार्रवाई करते हुए बालक को बरामद किया गया और आरोपी अरबाज को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ पहले से भी मुकदमा दर्ज
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध रामपुर थाने में वर्ष 2025 में भी एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्तमान अपहरण के मामले में भी उसका नाम दर्ज है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
बालक की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली टीम में रामपुर थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक रमेश कुमार, सुजानगंज थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अमित कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक रामाश्रय कुशवाहा, हेड कांस्टेबल अनुरुद्ध प्रसाद, कांस्टेबल सुरेश यादव और जौनपुर एसओजी टीम के कांस्टेबल अमित सिंह शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, बालक की बरामदगी के बाद उसके परिजनों में खुशी का माहौल है।
