फर्जी आयकर अधिकारी बनकर सराफा दुकान की चेकिंग करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार

बृज बिहारी दुबे
By -

जौनपुर रमपुर सराफा कारोबारी की दुकान पर फर्जी आयकर अधिकारी बनकर चेकिंग के नाम पर लूट का प्रयास करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को रामपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देश तथा क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के मार्गदर्शन में रामपुर पुलिस को यह सफलता मिली। थानाध्यक्ष रामपुर रमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 145/2026 से संबंधित फरार आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ जीत पुत्र स्व. लाल प्रताप सिंह उर्फ लुलाई सिंह, निवासी ग्राम निजामुद्दीनपुर, थाना सिकरारा, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 24 अगस्त 2026 की रात करीब 7:15 बजे नियमानुसार पुलिस हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ रामपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले में धारा 204, 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 115(2), 351(3) एवं 352 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

फर्जी आयकर अधिकारी बनकर की थी सराफा दुकान की चेकिंग

रामपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर बाजार में एक सराफा कारोबारी की दुकान पर आरोपियों ने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर जांच शुरू की थी। जांच के नाम पर दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषणों पर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। घटना के दौरान कारोबारी से मारपीट और उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर अपने कब्जे में लेने का भी आरोप सामने आया था।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया था, जबकि मुख्य आरोपी जितेंद्र कुमार सिंह फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस की कार्रवाई से फर्जी अधिकारी बनकर व्यापारियों को निशाना बनाने वाले गिरोह पर शिकंजा और कस गया है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालय भेजा जा रहा है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रामपुर रमेश कुमार, कांस्टेबल सुरेश यादव तथा कांस्टेबल मंजीश निषाद शामिल रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!