जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर ने विभागीय अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार थाना बक्सा में तैनात मुख्य आरक्षी राम प्रवेश यादव, पुलिस लाइन जौनपुर में तैनात आरक्षी शमशाद अली तथा आरक्षी राहुल कुमार के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है।
विभागीय जांच में इन पुलिसकर्मियों द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निलंबन का आदेश जारी किया।
एसएसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। साथ ही विभागीय कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहने की बात कही जा रही है
