व्यापारी संवाद कार्यक्रम में उद्योग जगत की समस्याओं एवं सुझावों पर हुई व्यापक चर्चा

बृज बिहारी दुबे
By -
रिपोर्ट भोला ठाकुर 

गौतमबुद्ध नगर, 05 जून 2026.राज्य कर विभाग, गौतमबुद्ध नगर द्वारा आयोजित "व्यापारी संवाद कार्यक्रम" का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में उद्यमियों, व्यापारियों, जीएसटी प्रैक्टिशनर्स, अधिवक्ताओं, करदाताओं तथा विभिन्न औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में राज्य कर विभाग की ओर से अपर आयुक्त श्री राकेश वर्मा जी, ज्वाइंट कमिश्नर श्री योगेश कुमार विजय जी, ज्वाइंट कमिश्नर श्री के.के. राय जी, ज्वाइंट कमिश्नर श्री दिनेश पाल जी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) की ओर से अध्यक्ष श्री अमित उपाध्याय जी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया, जिसमें उपाध्यक्ष श्री नरेश चौहान जी, महासचिव श्री सुनील दत्त शर्मा जी, श्री विकास कुमार राय जी, श्री अनुपम जैन जी सहित अन्य उद्यमी सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उद्योग एवं व्यापार जगत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन द्वारा राज्य कर विभाग को एक विस्तृत सुझाव-पत्र भी सौंपा गया, जिसमें नोटिस एवं असेसमेंट प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं तथ्याधारित बनाने, ईमानदार करदाताओं के लिए भयमुक्त एवं सहयोगात्मक कर वातावरण स्थापित करने, आईटीसी (Input Tax Credit) से संबंधित समस्याओं के समाधान, जीएसटी पंजीकरण प्रक्रिया के सरलीकरण, उद्योगों हेतु समर्पित हेल्पडेस्क एवं नोडल अधिकारी की व्यवस्था, फर्जी फर्मों पर प्रभावी कार्रवाई तथा उद्योग एवं विभाग के मध्य नियमित संवाद तंत्र स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव शामिल थे।

बैठक में ई-वे बिल प्रणाली में हाल ही में किए गए परिवर्तनों एवं उनके व्यावहारिक प्रभावों पर भी चर्चा हुई। उद्यमियों ने सुझाव दिया कि छोटी-छोटी तकनीकी त्रुटियों अथवा दस्तावेजीय कमियों के कारण वाहनों के डिटेंशन की घटनाओं को न्यूनतम किया जाए, जिससे व्यापारिक गतिविधियाँ प्रभावित न हों तथा उद्योगों एवं व्यापारियों को अनावश्यक आर्थिक एवं समयगत नुकसान से बचाया जा सके।

इसके अतिरिक्त नोटिस, असेसमेंट, आईटीसी, पंजीकरण, विभागीय प्रक्रियाओं तथा करदाताओं को आने वाली दैनिक व्यावहारिक कठिनाइयों के संबंध में भी अधिकारियों के समक्ष विभिन्न सुझाव एवं समस्याएँ रखी गईं, जिन पर विभागीय अधिकारियों ने सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ विचार करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर आईबीए के उपाध्यक्ष श्री नरेश चौहान जी ने कहा कि राज्य कर विभाग द्वारा उद्योग एवं व्यापार जगत के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करने की यह पहल अत्यंत स्वागतयोग्य है। ऐसे कार्यक्रमों से जमीनी स्तर की समस्याओं को समझने और उनके समाधान का मार्ग प्रशस्त होता है, जिससे उद्योगों एवं विभाग के बीच विश्वास और सहयोग और अधिक मजबूत होता है।

आईबीए के महासचिव श्री सुनील दत्त शर्मा जी ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर प्रदेश का अग्रणी औद्योगिक एवं निवेश केंद्र है। यहां के उद्योग प्रदेश के राजस्व, निवेश और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उद्योग जगत सदैव कर कानूनों के अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध है तथा विभाग से अपेक्षा करता है कि प्रक्रियाओं को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं उद्योग-अनुकूल बनाया जाए।

बैठक के दौरान राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि व्यापारी, उद्यमी एवं करदाताओं द्वारा उठाए गए सभी सुझावों एवं समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। विभाग करदाताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करने, स्वैच्छिक अनुपालन को बढ़ावा देने तथा पारदर्शी एवं सहयोगात्मक कर प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

आईबीए अध्यक्ष श्री अमित उपाध्याय जी ने राज्य कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में उद्योग एवं व्यापार के लिए अत्यंत सकारात्मक एवं निवेश-अनुकूल वातावरण विकसित हुआ है। गौतमबुद्ध नगर आज देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। राज्य सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों एवं प्रशासनिक सुधारों के कारण निवेश, रोजगार एवं औद्योगिक विकास को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि उद्योग जगत और राज्य कर विभाग के बीच इस प्रकार का नियमित संवाद न केवल समस्याओं के समाधान में सहायक है, बल्कि कर अनुपालन, राजस्व वृद्धि और औद्योगिक विकास को भी नई मजबूती प्रदान करता है। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन भविष्य में भी उद्योगों एवं विभाग के मध्य एक सकारात्मक सेतु के रूप में कार्य करता रहेगा।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित उद्यमियों, व्यापारियों एवं करदाताओं ने राज्य कर विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे उद्योग एवं विभाग के मध्य विश्वास, पारदर्शिता एवं सहयोग बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सफल कदम बताया।
धन्यवाद।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!