जौनपुर जिले के सुरेरी क्षेत्र अंतर्गत करौंदी कला गांव की होनहार बेटी आकांक्षा कुमारी ने पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर डिप्टी जेलर बनकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होने के बाद गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।
आकांक्षा, कमला प्रसाद की पुत्री एवं ग्राम प्रधान सरोज देवी की बेटी हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा गांव से प्राप्त कर काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से बीएससी व एमएससी की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की।
डिप्टी जेलर बनने के बाद जब आकांक्षा पहली बार अपने गांव पहुंचीं, तो ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं, तिलक और ढोल-नगाड़ों के साथ करीब 3 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
मीडिया से बातचीत में आकांक्षा ने बताया कि उन्होंने नियमित रूप से लाइब्रेरी में घंटों पढ़ाई कर तैयारी की। ग्रेजुएशन के बाद ही उन्होंने यूपीपीसीएस की तैयारी का लक्ष्य तय कर लिया था। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। साथ ही, उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
आकांक्षा ने खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्र की लड़कियों को संदेश देते हुए कहा कि उनमें भी आगे बढ़ने की पूरी क्षमता होती है, जरूरत सिर्फ परिवार के सहयोग और सही मार्गदर्शन की होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग व ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने आकांक्षा की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
