तहरीर देने के बाद भी नहीं जागी पुलिस, घर से बुलाकर विधि छात्र की पीट-पीटकर हत्या

बृज बिहारी दुबे
By -
  रिपोर्ट शिवेंद्र राजन सिंह 

जौनपुर। जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में रविवार रात घर से बुलाकर एक विधि (लॉ) के छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार गोबरा गांव निवासी रामचरण मिश्रा का 25 वर्षीय पुत्र सच्चिदानंद मिश्र प्रयागराज के एक निजी कॉलेज से विधि की पढ़ाई कर रहा था और जौनपुर दीवानी कचहरी में एक अधिवक्ता के साथ इंटर्नशिप भी कर रहा था।

परिजनों के मुताबिक रविवार रात करीब 10:15 बजे गांव के ही दो लोग, जिनसे पहले से विवाद चल रहा था, उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद सूचना मिली कि घर से करीब 600 मीटर दूर एक व्यक्ति के पंप हाउस पर सच्चिदानंद गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है।

ग्रामीणों ने देखा तो उसके सिर और आंख के पास गंभीर चोटें थीं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे चारपाई सहित एंबुलेंस में लादकर जिला अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पहले ही दी थी हत्या की आशंका

परिजनों का आरोप है कि तीन दिन पहले ही सच्चिदानंद ने थाने में तहरीर देकर अपनी हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

मां ने लगाया पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मृतक की मां सरिता देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। बेटे ने थाने में तहरीर भी दी थी और दो बार थाने का चक्कर लगाया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते सक्रियता दिखाती तो आज उनके बेटे की जान बच सकती थी।

पुलिस कर रही जांच

थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि घायल युवक को अस्पताल भेजा गया था, जहां उसकी मौत हो गई। मामले में तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि मुकदमे में पैरवी कराने को लेकर चल रहे विवाद के कारण यह घटना हुई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!