निर्माणाधीन सड़क पर पल्सर सवार युवक गिरकर गंभीर घायल, सिर में आई चोट*

बृज बिहारी दुबे
By -

बरसठी (जौनपुर)। रामपुर-निगोह मार्ग पर शनिवार को सड़क हादसे में पल्सर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। रसूलहा से कुछ दूरी पर नजीर सिंह के पाही के पास रामपुर की ओर करीब 50 मीटर पहले युवक सड़क पर गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद वह मौके पर ही बेहोश हो गया। बेहोशी के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी।

सड़क से गुजर रहे एक राहगीर ने युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा और रामपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि उपचार के बाद भी युवक को अब तक होश नहीं आया है। युवक की पल्सर बाइक का नंबर UP 62 CJ 4344 बताया गया है। पुलिस उसके पहचान की कोशिश कर रही है।

सड़क पर बिखरी गिट्टी से हादसे का आरोप

स्थानीय लोगों के मुताबिक रामपुर-निगोह मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। आरोप है कि ठेकेदार ने सड़क पर गिट्टी डालकर उसे कई दिनों से अधूरा छोड़ दिया है। इससे दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है और वाहन फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि संभवतः इसी वजह से पल्सर सवार युवक भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरा।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति और सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर उचित संकेतक, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात के लिए सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके। लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से मामले का संज्ञान लेकर सड़क निर्माण की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!