जौनपुर: जमीन विवाद में मां-बेटी की मौत, आरोपी हिरासत में

बृज बिहारी दुबे
By -
जौनपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जमीन और पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदूपुर गांव में हुए विवाद के दौरान मां और बेटी की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर खेत से उड़द की फसल लाने के लिए सगड़ी ले जाने की बात को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद भूपेंद्र पटेल ने अपनी बहन गौरा देवी, उम्र करीब 45 वर्ष, पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी मां शीतला देवी, उम्र करीब 70 वर्ष, भी घायल हो गईं।

दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नेवढ़िया थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी भूपेंद्र पटेल को हिरासत में ले लिया गया है और घटना में प्रयुक्त आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस घटना की पूरी परिस्थितियों और विवाद की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर जमीन और पारिवारिक विवादों को समय रहते कानूनी तरीके से सुलझाने की जरूरत को सामने ला दिया है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!