दुकान के सामने सो रहे व्यक्ति की हत्या, सिकरारा में सनसनी

बृज बिहारी दुबे
By -

जौनपुर। थाना सिकरारा क्षेत्र के काठ गोदाम चौराहे के पास रविवार की देर रात दुकान के सामने सो रहे करीब 50 वर्षीय उदय राज यादव की अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर ठोस वस्तु से वार कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया जाता है कि उदय राज यादव मानसिक रूप से कमजोर थे और अक्सर बाजार में ही घूमते तथा रात में दुकान के सामने सो जाते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार उनकी किसी से कोई स्पष्ट दुश्मनी सामने नहीं आई है।

घटना के पीछे लूट या चोरी की नीयत होने की आशंका स्थानीय लोगों द्वारा जताई जा रही है। कुछ लोगों का अनुमान है कि संभवतः उदय राज ने हमलावरों को पहचान लिया हो, जिसके चलते उन पर हमला किया गया। हालांकि, इन आशंकाओं की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सूचना पर सिकरारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए जांच कर रही है। हत्या की वास्तविक वजह क्या थी और वारदात को किसने अंजाम दिया, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!