जौनपुर रामपुरमंदिरों से मूर्ति-घंटा चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार

बृज बिहारी दुबे
By -
रामपुर, जौनपुर। जनपद के विभिन्न मंदिरों से मूर्ति और घंटे चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। लाइन बाजार पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में रामपुर थाना क्षेत्र के कुम्भापुर गांव से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मूर्तियां, मंदिर के घंटे और चोरी में प्रयुक्त कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवप्रकाश तिवारी उर्फ राजन, ब्रह्मदेव तिवारी उर्फ ओम तिवारी, रोहित गुप्ता, रामबाबू जायसवाल और रोहित गुप्ता के रूप में हुई है। सभी आरोपी रामपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।
भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की मूर्तियां बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की तीन मूर्तियां बरामद हुई हैं। इसके अलावा मीरगंज और लाइन बाजार थाना क्षेत्र में मंदिरों से चोरी किए गए घंटे भी बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, बरामदगी में विभिन्न मंदिरों से चोरी किए गए छोटे-बड़े कुल 26 घंटे शामिल हैं। इनमें मीरगंज थाने से संबंधित मामलों के तीन घंटे और लाइन बाजार थाने से संबंधित मामले के दो घंटे भी शामिल बताए गए हैं।
मीरगंज, पवारा और लाइन बाजार की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के अनुसार, बरामद मूर्तियां थाना पवारा में दर्ज मुकदमे से संबंधित हैं, जबकि घंटे मीरगंज और लाइन बाजार थाना क्षेत्रों में दर्ज मंदिर चोरी के मामलों से संबंधित बताए गए हैं। पुलिस अब इन घटनाओं में आरोपियों की भूमिका और अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
चोरी में इस्तेमाल कार भी बरामद
पुलिस ने मंदिरों से चोरी की वारदात में प्रयुक्त होने वाली सफेद रंग की KIA Sonet कार (UP62DN4304) भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 02 सितंबर 2026 को कुम्भापुर गांव में कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को चोरी की मूर्तियों और घंटों के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई लाइन बाजार पुलिस, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम ने की। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक यजुवेन्द्र सिंह, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण यादव समेत लाइन बाजार थाना, स्वाट और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मंदिरों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!