जौनपुर: तालाब में जहरीली दवा डालकर मछलियां मारने का आरोप, एसपी से कार्रवाई की मांग

बृज बिहारी दुबे
By -


मीरगंज, जौनपुर। थाना मीरगंज क्षेत्र के सांमोहो चौकीकला गांव में तालाब में कथित रूप से जहरीला पदार्थ डालकर मछलियां मारने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर रीता देवी पत्नी कमलेश कुमार गौतम ने पुलिस अधीक्षक जौनपुर को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, ग्रामसभा चौकीकला में कमलेश कुमार पुत्र अमृतलाल गौतम के नाम से मछली पालन के लिए तालाब का पट्टा हुआ है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके पड़ोसी संजय कुमार पुत्र रामराज और रामराज पुत्र कलई गौतम पहले से जमीन को लेकर विवाद करते आ रहे थे और मछलियों को दवा डालकर मारने की धमकी भी देते थे।

रीता देवी के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को सुबह करीब 8 बजे वह आंगनबाड़ी केंद्र गई थीं और शाम 4 बजे आई इसी दौरान संजय गौतम, रामराज गौतम और उनके कुछ साथी कथित रूप से तालाब पर पहुंचे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन लोगों ने तालाब में कुछ पदार्थ डाल दिया।

घर लौटने के बाद जब रीता देवी को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तालाब पर जाकर देखा। उनके अनुसार, तालाब में बड़ी संख्या में मछलियां मरी हुई मिलीं। शिकायत में दावा किया गया है कि इस घटना से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की मछलियों का नुकसान हुआ है।

पीड़िता ने बताया कि मछली पालन उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है और घटना के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

रीता देवी ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत के साथ तालाब में मरी हुई मछलियों की छायाप्रति भी संलग्न किए जाने का उल्लेख है।

फिलहाल, लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!