अधिवक्ता ने साथी संग मिलकर 41 लाख रुपये लूटे, 35 लाख नकद बरामद

बृज बिहारी दुबे
By -

जौनपुर। थाना बक्शा क्षेत्र में अधिवक्ता और उसके साथी द्वारा एक व्यक्ति से कथित तौर पर 41 लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त अधिवक्ता अभिनव सिंह उर्फ चंदन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 35 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार और अन्य लूटा गया सामान बरामद किया है। मामले में फरार सह-अभियुक्त उपदेश पाठक की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, राजस्थान के बीकानेर निवासी जयपाल शर्मा अपने भाई की जमानत के सिलसिले में वाराणसी आए थे। इसी दौरान उनका संपर्क अधिवक्ता अभिनव सिंह से हुआ। जमानत की प्रक्रिया के दौरान अधिवक्ता ने वादी का विश्वास अर्जित कर लिया।

आरोप है कि 5 सितंबर 2026 को जमानत की औपचारिकता पूरी होने के बाद अभियुक्त वादी को अपने साथ जौनपुर ले आया। यहां दो जौहरी व्यवसायियों से वादी को क्रमशः 22 लाख और 19 लाख रुपये, यानी कुल 41 लाख रुपये नकद दिलवाए गए।

इसके बाद वापसी के दौरान आरोप है कि कार को यू-टर्न लेकर घुमाया गया और वादी का मोबाइल छीन लिया गया। उसे जान से मारने की धमकी देते हुए करीब 20 से 30 किलोमीटर तक इधर-उधर घुमाया गया। बाद में टोल प्लाजा के पास रुपयों से भरा बैग छीनकर वादी को धक्का देकर वहां से भगा दिया गया।

डीआईजी के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के संबंध में वादी ने 16 सितंबर 2026 को डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के समक्ष लिखित प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थना पत्र के साथ बातचीत की रिकॉर्डिंग का भी उल्लेख किया गया। डीआईजी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 सितंबर 2026 को थाना बक्शा में मुकदमा अपराध संख्या 477/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।

कुछ ही घंटों में पुलिस ने किया खुलासा

एसएसपी जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त अभिनव सिंह उर्फ चंदन, निवासी जमऊपट्टी, को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार संख्या UP70HL5218, 35 लाख रुपये नकद और अन्य लूटा गया सामान बरामद किया गया।

पूछताछ में अभियुक्त ने कथित तौर पर बताया कि लूटे गए 41 लाख रुपये में से 6 लाख रुपये व्यक्तिगत खर्च में खर्च कर दिए, जबकि शेष 35 लाख रुपये बरामद कर लिए गए।

मामले में सह-अभियुक्त उपदेश पाठक निवासी सुल्तानपुर अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस टीम को 50 हजार का पुरस्कार

मामले का त्वरित अनावरण करने वाली पुलिस टीम के लिए 50 हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है। वहीं एसएसपी जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह और एएसपी जौनपुर गोल्डी गुप्ता को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई है।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!