जौनपुर: टीसी और मार्कशीट न मिलने पर थाने पहुंचीं छात्राएं, आदर्श कन्या इंटर कॉलेज फिर विवादों में

बृज बिहारी दुबे
By -

खेतासराय (जौनपुर)। शाहगंज मार्ग स्थित आदर्श कन्या इंटर कॉलेज एक बार फिर अपनी कार्यशैली को लेकर चर्चा में आ गया है। शुक्रवार को चार छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ खेतासराय थाने पहुंचीं और विद्यालय प्रबंधन पर टीसी (स्थानांतरण प्रमाणपत्र) व मार्कशीट न देने का आरोप लगाते हुए लिखित तहरीर दी। छात्राओं ने अपने भविष्य की चिंता जताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार वार्ड नंबर-4 बभनौटी निवासी अर्पिता पांडेय (पुत्री जितेंद्र पांडेय), प्रियांशी (पुत्री अजय पांडेय), संध्या (पुत्री सुनील पांडेय) तथा बारा कला निवासी जीनत (पुत्री जावेद) आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में कक्षा सात और आठ की छात्राएं हैं। दूसरे विद्यालय में प्रवेश लेने के लिए वे टीसी और मार्कशीट लेने विद्यालय पहुंची थीं।

छात्राओं का आरोप है कि प्रधानाचार्या और विद्यालय के बाबू ने टीसी देने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना है कि कई बार आवेदन करने और विद्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें आवश्यक दस्तावेज नहीं दिए गए। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उन्हें कथित रूप से धमकाते हुए कहा गया, "जो करना है कर लो, टीसी नहीं दी जाएगी।"
अभिभावक शनि पांडेय और जितेंद्र पांडेय ने बताया कि वे कई बार विद्यालय प्रबंधन से टीसी दिलाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया जाता है। उनका कहना है कि दस्तावेज न मिलने से बच्चों की आगे की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
मामले की सूचना पर पुलिस ने छात्राओं और अभिभावकों की शिकायत सुनी तथा उन्हें जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) से संपर्क करने की सलाह दी।
वहीं, इस संबंध में आदर्श कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. राधा श्रीवास्तव से संपर्क करने का प्रयास किया गया। उन्होंने व्यस्तता का हवाला देते हुए कहा कि वह अधिकारी से मिलने जा रही हैं और बाद में इस मामले पर बात करेंगी।

Tags:

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!