*जौनपुर।* 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन जौनपुर में आयोजित समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव को पुलिस सेवा में सराहनीय एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘प्रशंसा चिन्ह (रजत)’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से प्रदान किया गया है।
समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव को प्रशंसा चिन्ह (रजत) पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने श्रीवास्तव के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर को मिले इस सम्मान से पुलिस विभाग में खुशी का माहौल रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सम्मान को गौरव का क्षण बताते हुए बधाई दी। पुलिस सेवा में उनकी कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्यशैली और सराहनीय योगदान के लिए मिले इस सम्मान से जौनपुर जनपद का भी नाम रोशन हुआ है।
