मछलीशहर,जौनपुर- भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच सुजानगंज थाने में पेयजल व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। थाने परिसर में लगाए गए तीनों प्याऊ शोपीस बनकर रह गए हैं, जिससे यहां आने वाले फरियादियों और आम नागरिकों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। क्षेत्र में इन दिनों तापमान लगभग 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ऐसे में थाने में अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले लोगों को पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। थाने परिसर में लगे तीनों प्याऊ बंद पड़े हैं और उनमें पानी नहीं आ रहा है। फरियादी गायत्री देवी ने बताया कि वह काफी समय से थाने में बैठी हैं, लेकिन पीने के लिए पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। मजबूरन उन्हें बाहर से बोतलबंद पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। वहीं पत्रकार नेहा पटेल ने भी बताया कि थाने में तीन प्याऊ लगे होने के बावजूद किसी में भी पानी नहीं आ रहा है, जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। थाने में आने वाले लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव चिंता का विषय है।लोगों ने संबंधित अधिकारियों से बंद पड़े प्याऊ को शीघ्र चालू कराए जाने तथा पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि फरियादियों और आगंतुकों को राहत मिल सके।
सुजानगंज थाने का प्याऊ बना शोपीस,प्यास के लिए तरस रहे फरियादी -
By -
June 05, 2026
