*गौतमबुद्धनगर, 05 जून 2026 विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज जनपद गौतमबुद्धनगर में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा एक ही दिन में 5 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके अंतर्गत जनपद गौतमबुद्धनगर में कुल 1,21,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ। इस अभियान में नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के साथ-साथ कृषि विभाग, उद्यान विभाग, वन विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, पंचायती राज विभाग तथा नगर विकास विभाग द्वारा सक्रिय सहभागिता करते हुए पौधरोपण कार्य संपादित किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जनपद का मुख्य कार्यक्रम सूरजपुर वेटलैंड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री, गौतमबुद्धनगर बृजेश सिंह जी ने मौलश्री का पौधा रोपित कर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपदवासियों से मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप विश्व पर्यावरण दिवस को जन-आंदोलन के रूप में मनाते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है तथा प्रकृति को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने सभी नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, आरडब्ल्यूए एवं अधिकारियों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने को कहा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में विधायक दादरी तेजपाल सिंह नागर, जिलाध्यक्ष भाजपा गौतमबुद्धनगर अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर, मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूल एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, सीआरपीएफ के अधिकारीगण, वीआईएएफ फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिकों द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री नेतृत्व में विगत वर्षों से निरंतर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी भी हम सभी की है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान में कृषकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कृषक नोडल विभागों से निःशुल्क पौधे प्राप्त कर अपने खेतों एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिकाधिक वृक्षारोपण करें।
कार्यक्रम के समापन से पूर्व मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा वृक्ष भंडारे का शुभारंभ किया गया तथा स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों को तुलसी, नींबू, अमरूद सहित विभिन्न फलदार प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रभागीय वनाधिकारी, गौतमबुद्धनगर द्वारा प्रभारी मंत्री, विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
