गौतम बुद्ध नगर में सरकारी अस्पतालों की मांग हुई तेज, एक्टिव सिटीज़न टीम ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

बृज बिहारी दुबे
By -
रिपोर्ट भोला ठाकुर 
आम जनता को सुलभ एवं सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की उठाई मांग, शासन स्तर तक मामला पहुंचाने का मिला आश्वासन
गौतम बुद्ध नगर। जिले में सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर एक्टिव सिटीज़न टीम के सदस्यों ने गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। टीम ने गौतम बुद्ध नगर में निजी और सरकारी अस्पतालों के अनुपात में मौजूद भारी असंतुलन की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए नए सरकारी अस्पतालों की स्थापना की मांग उठाई।
ज्ञापन के माध्यम से टीम ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर जैसे तेजी से विकसित हो रहे जिले में निजी अस्पतालों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की उपलब्धता अपेक्षाकृत कम है। इसका सीधा प्रभाव आम नागरिकों, किसानों, मजदूरों तथा नौकरीपेशा वर्ग पर पड़ता है, जिन्हें बीमारी की स्थिति में अक्सर महंगी चिकित्सा सेवाओं का सहारा लेना पड़ता है।
टीम ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर की बढ़ती जनसंख्या और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए जिले में सरकारी अस्पतालों की संख्या बढ़ाना समय की मांग है। प्रत्येक नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नए सरकारी अस्पताल स्थापित किए जाने चाहिए, जिससे आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने टीम के सदस्यों की बातों को गंभीरता से सुना और इस महत्वपूर्ण मांग को शासन स्तर तक पहुंचाने का सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर की जनता से जुड़े इस जनहितकारी विषय को उचित माध्यम से शासन के समक्ष रखा जाएगा।
इस अवसर पर एक्टिव सिटीज़न टीम के सदस्य मंजीत सिंह, जेपीएस रावत, रमेश चंदानी, हरेंद्र भाटी एवं आलोक सिंह उपस्थित रहे।
एक्टिव सिटीज़न टीम ने आशा व्यक्त की कि गौतम बुद्ध नगर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार ठोस कदम उठाएगी, जिससे आम आदमी, किसान, मजदूर एवं नौकरीपेशा वर्ग को सस्ती, सुलभ और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!