सेक्टर बीटा-1 में आवारा कुत्तों का आतंक, एक सप्ताह में कई लोग हुए घायल

बृज बिहारी दुबे
By -

रिपोर्ट - भोला ठाकुर 
गौतम बुद्ध नगर  बीटा-1 में आवारा और कटखने कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले एक सप्ताह के दौरान कुत्तों के हमलों में तीन से चार बच्चे, बुजुर्ग एवं महिलाएं घायल हो चुकी हैं। क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है और लोगों को घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस हो रहा है।
सेक्टर की विभिन्न गलियों में आवारा कुत्तों के झुंड घूम रहे हैं और राह चलते लोगों पर हमला कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बच्चों के स्कूल आने-जाने तथा बुजुर्गों के सुबह-शाम टहलने के दौरान सबसे अधिक खतरा बना हुआ है।
इस गंभीर समस्या को लेकर सेक्टर बीटा-1 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष संगीत शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी तथा कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम एवं सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी को कई बार फोन कर स्थिति से अवगत कराया है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने मांग की है कि आवारा कुत्तों एवं पशुओं को तत्काल पकड़वाकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाए।
आरडब्ल्यूए महासचिव हरेन्द्र भाटी ने बताया कि आए दिन हो रही घटनाओं से लोगों में दहशत है। उन्होंने कहा कि कुत्तों के काटने से रेबीज़ जैसी गंभीर बीमारी का खतरा भी बना रहता है, इसलिए प्राधिकरण को इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।
सेक्टरवासियों ने भी प्राधिकरण से मांग की है कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!