जौनपुर मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के पिपरा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब 14 वर्षीय किशोर आरुष यादव का शव गांव से लगभग 500 मीटर दूर जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक आरुष यादव, सुरेश यादव का इकलौता पुत्र था और दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच घर से निकला था।
ग्रामीण बनवासियों द्वारा जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची मड़ियाहूं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं जिला पंचायत सदस्य भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।
मृतक के माता-पिता ने बेटे की हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरुष के कान और नाक से खून निकल रहा था तथा गला दबाए जाने के निशान भी प्रतीत हो रहे थे।
मड़ियाहूं कोतवाली प्रभारी दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताई गई है और पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
