गाजियाबाद, नेहरू नगर | 06 जून, 2026; राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मेरठ प्रांत के तत्वावधान में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) का भव्य शुभारंभ शनिवार को हुआ। नेहरू नगर स्थित दुर्गावती हेमराज सरस्वती विद्या मन्दिर में आयोजित इस 15 दिवसीय आवासीय वर्ग की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पवित्र यज्ञ और प्रान्त प्रचारक श्री अनिल जी व वर्गाधिकारी द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष पुष्प-अर्पण एवं दीप प्रज्वलित कर वर्ग का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह वर्ग राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और सेवा के संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए आगामी 22 जून 2026 तक निरंतर चलेगा।
*संस्कार की पाठशाला : क्या है संघ शिक्षा वर्ग?*
संघ शिक्षा वर्ग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में कार्यकर्ता निर्माण की एक अत्यन्त महत्वपूर्ण और आधारभूत प्रक्रिया है। वास्तव में इसे 'संस्कार की पाठशाला' भी कहा जाता है, जहाँ पूरा ध्यान सहभागी प्रशिक्षु स्वयंसेवकों के सर्वांगीण विकास पर केन्द्रित होता है। इस वर्ग में 'स्व' (खुद) से प्रारम्भ होकर अनुशासन, शारीरिक, बौद्धिक और मानसिक विकास के साथ-साथ स्वयंसेवकों में सामाजिक सद्भाव, सेवा और 'राष्ट्र प्रथम' का भाव जागृत किया जाता है। यहाँ जाति, भाषा, क्षेत्र, अमीर-गरीब आदि का भेद भुलाकर सभी स्वयंसेवक समरसता के सूत्र में बंधते हैं।
15 दिनों के इस पूर्णतः आवासीय प्रशिक्षण में शिक्षार्थियों को दंड (लाठी), नियुद्ध (निहत्थे युद्ध की कला), योग, समता, घोष (संघ का बैंड) के साथ-साथ समसामयिक विषयों पर बौद्धिक विमर्श और संघ के सिद्धांतों का गहन प्रशिक्षण दिया जाता है। इसका मूल उद्देश्य समाज के लिए समर्पित, अनुशासित एवं राष्ट्रभक्त कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है। इस प्रशिक्षण वर्ग में मेरठ प्रांत के विभिन्न जिलों व क्षेत्रों से आए कुल 522 शिक्षार्थी और 54 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।
*साधना और राष्ट्र निर्माण का केंद्र :*
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ताओं ने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष में इस वर्ग का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। सन् 1925 में विजयदशमी के दिन प्रारम्भ हुई संघ की यह यात्रा आज 'एक दीप से अनेक दीप' जलाने की राष्ट्रव्यापी साधना बन चुकी है। ऐसे ही कड़े और अनुशासित प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के लिए निष्ठावान व समाज को दिशा देने वाले कार्यकर्ता तैयार होते हैं।
*कठिन दिनचर्या और सर्वांगीण विकास :*
आने वाले 15 दिनों तक वर्ग में भाग ले रहे सभी शिक्षार्थी एक बेहद अनुशासित दिनचर्या का पालन करेंगे। स्वयंसेवकों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रातःकाल से ही मंत्रोच्चारण और शारीरिक अभ्यास के साथ-साथ, वैचारिक चर्चा व बौद्धिक सत्र तथा रात्रि के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
*कार्यक्रम में उपस्थिति :*
इस गरिमामयी अवसर पर प्रान्त सह-प्रचारक आनन्द, वर्ग कार्यवाह ब्रजेश जी वर्ग बौद्धिक प्रमुख विनित कौशल, मुख्य प्रवर्तक अविषेक, गाजियाबाद विभाग प्रचारक अतुल, विभाग कार्यवाह देन्द्र सहित संघ के कई व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रचार विभाग
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ
