मुख्यमंत्री द्वारा श्रमिकों के लिए अनेक योजनाओं का शुभारंभ, ग्रेटर नोएडा में ESIC अस्पताल को मिली मंजूरी

बृज बिहारी दुबे
By -

रिपोर्ट - भोला ठाकुर 
 

गौतमबुद्धनगर, 01 मई 2026 अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से ‘श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश के श्रमिकों के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही अटल आवासीय विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं व प्रधानाचार्या को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा श्रमिकों को टूलकिट एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अपने संबोधन में उन्होंने श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके योगदान की सराहना की तथा उनके जीवन स्तर को उन्नत करने हेतु सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
        इसी क्रम में जनपद गौतम बुद्ध नगर में ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में ‘श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन गरिमामय एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, कारखानों एवं प्रतिष्ठानों से जुड़े श्रमिक भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन स्थल पर श्रमिकों की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे कार्यक्रम अनुशासित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ। 
      इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में श्रमिकों के कल्याण हेतु गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में 300 बेड के ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण के लिए 07 एकड़ भूमि आवंटन पत्र प्रदान किया। साथ ही वर्चुअल माध्यम से जनपद में सरकारी एवं निजी अस्पतालों द्वारा 201 स्थानों पर आयोजित मेगा हेल्थ कैंप एवं 25 चिकित्सीय मोबाइल वैन (मुख्यमंत्री आरोग्य रथ) का शुभारंभ किया गया। जेवर के मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय एवं औद्योगिक इकाइयों में 79 स्थानों पर डिस्पेंसरी/एंबुलेंस रूम का शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त 04 एएलएस एंबुलेंस, 10 ब्लड एनालाइजर एवं 43 क्रेचों (शिशु कक्ष) का लोकार्पण किया गया तथा पांच नए अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध किया गया।
      कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं श्रमिक भाई-बहनों द्वारा देखा एवं सुना गया। इस सजीव प्रसारण के माध्यम से जनपद स्तर पर भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम की प्रत्यक्ष अनुभूति हुई तथा श्रमिकों को मुख्यमंत्री जी के विचारों एवं घोषणाओं से सीधे अवगत होने का अवसर प्राप्त हुआ, जिससे उनमें उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ।
      इस अवसर पर प्रदेश सरकार की श्रमिक हितैषी नीतियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करते हुए यह बताया गया कि राज्य सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। 
      इस अवसर पर श्रमिकों के कल्याण को एक नई दिशा प्रदान करते हुए उन्हें सुलभ, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मा० जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा सीएसआर के सहयोग से संचालित फूड वैन सुविधा का शुभारंभ करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिक भाइयों और बहनों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया गया। इस पहल के माध्यम से सप्ताह में तीन दिन लगभग 600 औद्योगिक श्रमिकों को निशुल्क, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन श्रमिकों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी, जो दूरदराज क्षेत्रों से आकर औद्योगिक इकाइयों में कार्य करते हैं।
     कार्यक्रम में मा0जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, माननीय जिलाध्यक्ष भाजपा अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण श्रीलक्ष्मी वीएस, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित जनपद के अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!