श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य, स्किल डेवलपमेंट तथा शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु हुआ गहन विचार-विमर्श

बृज बिहारी दुबे
By -

रिपोर्ट - भोला ठाकुर


       उत्तर प्रदेश के मा० मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप जनपद गौतम बुद्ध नगर में कार्यरत श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर, सुरक्षित एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में एनजीओ एवं आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में निवासरत एवं कार्यरत श्रमिकों तथा उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रभावी कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने हेतु समन्वित एवं सहभागितापूर्ण प्रयासों को सुदृढ़ करना रहा।
      बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी के रूप में जाना जाता है, यहां बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं तथा लाखों श्रमिक विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के लिए आवास, स्वास्थ्य सेवाएं, कौशल विकास, सामाजिक सुरक्षा एवं उनके बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसे विषयों पर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है
       जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी एनजीओ एवं आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से कहा कि श्रमिकों के कल्याण से संबंधित कार्य हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, उनके कौशल का विकास करने तथा उनके बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने में एनजीओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
     उन्होंने विगत श्रमिक दिवस के अवसर पर आयोजित मेगा हेल्थ कैंप में सहयोग प्रदान करने वाले निजी अस्पतालों एवं एनजीओ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहलें समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करती हैं। उन्होंने अन्य संस्थाओं से भी कहा कि वे आगे बढ़कर इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों (स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्किल डेवलपमेंट) आदि में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक एवं उनके परिवार लाभान्वित हो सकें।
     बैठक में यह भी निर्देश दिये गये कि जिला सेवायोजन अधिकारी केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत सूची संबंधित विभागों से प्राप्त कर सभी संबंधित एनजीओ के साथ साझा करें। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इन योजनाओं की जानकारी अधिकाधिक पात्र श्रमिकों तक पहुंचे और वे इनका समुचित लाभ प्राप्त कर सकें।
     जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि प्रशासन, एनजीओ एवं समाज के विभिन्न संगठनों के संयुक्त प्रयासों से ही श्रमिकों के जीवन में  सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने सभी से अपेक्षा की कि वे श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करते हुए जनपद के समग्र विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
      इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर शिवाकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, सहायक श्रमायुक्त सुयश पांडे तथा अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों सहित विभिन्न एनजीओ व आरडब्ल्यूए के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!