रिपोर्ट - भोला ठाकुर
जनगणना-2027 को लेकर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में सभी संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक करते हुए 07 मई से 21 में तक चलने वाले स्व-गणना के कुशल संचालन एवं व्यापक प्रचार- प्रसार के लिए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों एवं चार्ज अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए की विभागीय अधिकारी गणमान्य व्यक्तियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्व-गणना कार्य में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रह कर सहयोग प्रदान करें तथा अपने विभाग के समस्त कार्मिकों को इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में स्व-गणना करने हेतु जागरूक करें। ग्रुप हाउसिंग के आर.डब्ल्यू.ए. एवं जन सामान्य से अपील की, कि स्व-गणना में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करें और जनगणना-2027 में सहभागी बनकर राष्ट्र निर्माण मे सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी अपने प्रदत्त दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण में किसी भी अधिकारी की अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में क्षम्य नहीं होगी।
बैठक में जनगणना कार्य निदेशालय से उप निदेशक अभिमन्यु सिंह द्वारा स्व गणना की प्रक्रिया के संबंध में पावर प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तार पूर्वक अवगत कराया गया। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण, अर्थात् मकान सूचीकरण एवं मकान गणना (House Listing Operations-HLO) का संचालन उत्तर प्रदेश में 22 मई, 2026 से 20 जून, 2026 तक निर्धारित है। मकान सूचीकरण का कार्य प्रारम्भ होने से पूर्व आमजन के लिए 07 मई से 21 मई, 2026 की 15 दिनों की अवधि में स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्व-गणना एक स्वैच्छिक एवं अभिनव पहल है, साथ ही यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना भी है, जो नागरिकों की सक्रिय सहभागिता पर आधारित है, जिसके माध्यम से परिवार स्वयं ही जनगणना पोर्टल (https://se.census.gov.in) पर अपनी सूचनाएं दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना के अनेक लाभ हैं, जैसे त्वरित डेटा संकलन, स्वयं द्वारा जानकारी प्रदान किए जाने के कारण अधिक शुद्धता, प्रगणकों द्वारा होने वाली त्रुटियों एवं चूकों में कमी तथा नागरिकों के लिए पोर्टल की सुविधा।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नरेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, जिला वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, उपयुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवाॅर एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
