गौतमबुद्ध नगर। एमएसएमई उद्योगों पर बढ़ते आर्थिक दबाव एवं हालिया वेतन वृद्धि के प्रभाव के संबंध में आज इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा माननीय औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) लखनऊ को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया गया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर उपस्थित रही एवं उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। अधिकारियों द्वारा यह आश्वासन दिया गया कि उद्यमियों द्वारा उठाई गई सभी मांगों एवं समस्याओं पर शासन स्तर पर सकारात्मक एवं प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा, तथा शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा।
उद्यमियों ने अपने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट रूप से बताया कि वर्तमान समय में एमएसएमई सेक्टर कच्चे माल की बढ़ती कीमतों, ऊर्जा लागत में वृद्धि, वेतन वृद्धि के अतिरिक्त दबाव, नियामकीय जटिलताओं एवं बाजार की अनिश्चितताओं के कारण गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में उद्योगों को राहत प्रदान करने हेतु तत्काल नीति समर्थन एवं संतुलित निर्णय अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) श्री दीपक कुमार जी, अपर मुख्य सचिव (औद्योगिक विकास, MSME एवं निर्यात प्रोत्साहन) श्री आलोक कुमार जी, गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी श्रीमती मेधा रूपम जी, ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के OSD श्री नवीन कुमार सिंह जी, आयुक्त उद्योग गौतमबुद्ध नगर श्री पंकज निरंजन जी एवं उप श्रमायुक्त गौतमबुद्ध नगर श्री राकेश द्विवेदी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
साथ ही इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के महासचिव श्री सुनील दत्त शर्मा, वाइस प्रेसिडेंट श्री नरेश चौहान, श्री सुधीर त्यागी, श्री किशन शर्मा, डॉ. खुशबू सिंह एवं अन्य औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
IBA के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि शासन एवं प्रशासन द्वारा उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा, जिससे उद्योगों की निरंतरता एवं रोजगार के अवसर सुरक्षित रह सकें।
जारीकर्ता:
सुनील दत्त शर्मा
महासचिव
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA)
गौतमबुद्ध नगर
