जौनपुर/बरसठी। बरसठी थाना क्षेत्र के सिरौली गांव में पुराने विवाद ने अचानक हिंसक मोड़ ले लिया, जब एक युवक का अपहरण कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले गांव के ही आर्यन और गौरव गौतम के बीच विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर शनिवार को स्कूल में सूरज गौतम ने गौरव से कहासुनी की, जो शाम होते-होते बड़े बवाल में बदल गई।
शाम करीब 5 बजे सूरज गौतम अपने साथियों के साथ गौरव के घर पहुंचा और आरोप है कि सभी ने मिलकर घर में घुसकर गौरव की जमकर पिटाई की। बीच-बचाव करने आई मां को भी नहीं छोड़ा गया। इसके बाद बदमाश गौरव को जबरन कार और बाइक से उठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बरसठी पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महज 3 घंटे के अंदर अपहृत युवक को बरामद कर लिया। आरोपी युवक को कांटी क्षेत्र में नहर के पास फेंककर भाग गए थे।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है और सभी आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।
बरसठी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी वारदात, क्षेत्र में बढ़ा भरोसा
