रिपोर्ट - भोला ठाकुर
ग्रेटर नोएडा सेक्टर बीटा-1 के निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर आवाज उठाई है। शुक्रवार को बीटा-1 आरडब्ल्यूए समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सुमित यादव (ACEO, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण) को ज्ञापन सौंपकर सेक्टर की चारदीवारी जल्द कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि लगभग 25 वर्ष पहले सेक्टर के निर्माण के बाद से आज तक यहां स्थायी चारदीवारी नहीं कराई गई है। वर्तमान में केवल कंटीले तारों का अस्थायी घेरा बनाया गया है, जो अब जर्जर हो चुका है और सुरक्षा के लिहाज से पूरी तरह नाकाफी साबित हो रहा है।
निवासियों ने आरोप लगाया कि कंटीले तारों को चोरों और आवारा पशुओं द्वारा आसानी से नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है। इससे चोरी, असामाजिक गतिविधियों और पशुओं के प्रवेश की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि इस मुद्दे को पहले भी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सामने उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण पुनः ज्ञापन देकर जल्द समाधान की मांग की गई है।
प्रतिनिधिमंडल में संरक्षक देवी शरण शर्मा, विनोद कसाना, अध्यक्ष श्रीमती संगीता शर्मा, महासचिव हरेंद्र भाटी, कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी, उपाध्यक्ष राजवीर सिंह, सचिव ओमप्रकाश शर्मा और सलाहकार चौधरी जयपाल सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
