हाईकोर्ट की छत पर हाई-वोल्टेज ड्रामा: गोद में मासूम को लेकर कूदने पहुंची महिला, 1 घंटे बाद पुलिस ने बचाई जान

बृज बिहारी दुबे
By -
 रिपोर्ट शिवेंद्र राजन सिंह 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित हाईकोर्ट परिसर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी और तनाव का केंद्र बन गया, जब एक महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर पांच मंजिला इमारत की छत पर चढ़ गई। महिला लगातार चिल्लाते हुए कह रही थी कि उसे न्याय नहीं मिला और वह कूदकर जान दे देगी। इस घटना से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और करीब एक घंटे तक लोगों की सांसें अटकी रहीं।

घटना शाम करीब 4 बजे हाईकोर्ट के सी-ब्लॉक की बताई जा रही है। महिला की पहचान रूपाली के रूप में हुई है, जो अपने पति के साथ चल रहे तलाक के मामले में ‘मेडिएशन’ के लिए कोर्ट आई थी। बताया जा रहा है कि परिसर में ही पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई, जिससे आहत होकर वह यह कदम उठाने पहुंच गई।

जैसे ही लोगों ने उसे रेलिंग के किनारे खड़ा देखा, नीचे भारी भीड़ जमा हो गई। वकील, सुरक्षाकर्मी और आम लोग उसे नीचे उतरने के लिए मनाने लगे, लेकिन वह रोते हुए अपनी बात कहती रही और कूदने की धमकी देती रही।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर नीचे सुरक्षा जाल बिछाया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान चौकी इंचार्ज और टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए सही मौके पर पीछे से पकड़कर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

करीब एक घंटे तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिला और उसके बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने महिला को शांत कराते हुए उसे न्याय दिलाने और हर संभव मदद का भरोसा दिया है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!