*जौनपुर।* जिले के चंदवक क्षेत्र से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है, जिसने यह साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इरादों के आगे टिक नहीं पातीं। खुज्झी मोड़ निवासी एक साधारण मिठाई विक्रेता के बेटे राजू मोदनवाल ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) परीक्षा में 11वीं रैंक हासिल कर डिप्टी एसपी बनकर जिले का नाम रोशन किया है।
राजू मोदनवाल के पिता सूरज मोदनवाल खुज्झी मोड़ पर मिठाई की दुकान चलाते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। राजू ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा श्री कुबेर सिंह माध्यमिक विद्यालय, खुज्झी से प्राप्त की। इसके बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई सुमित्रा शिक्षा इंटर कॉलेज, बजरंगनगर से पूरी की।
उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने श्री गणेश राय पीजी कॉलेज में बीएससी में प्रवेश लिया, लेकिन बेहतर तैयारी के लिए बाद में दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध हंसराज कॉलेज में दाखिला लेकर स्नातक की पढ़ाई पूरी की और वहीं से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की।
राजू की सफलता का सफर संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने दो बार सिविल सेवा (IAS) की लिखित परीक्षा पास की, लेकिन इंटरव्यू में असफल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और निरंतर प्रयास करते रहे। उनकी यही लगन और दृढ़ संकल्प आखिरकार रंग लाया और उन्होंने यूपीपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर डिप्टी एसपी का पद हासिल किया।
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय राजू ने अपने माता-पिता, चाचा और पड़ोसियों के सहयोग के साथ-साथ अपनी कड़ी मेहनत को दिया है। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
राजू मोदनवाल की यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए एक मिसाल बन गई है, जो यह संदेश देती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता जरूर मिलती है।
