मिल्कीपुर/अयोध्या जनपद की मिल्कीपुर तहसील एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चर्चा में है। तहसील क्षेत्र में तैनात कुछ लेखपालों पर जमीन से जुड़े कार्यों सहित अन्य राजस्व मामलों में अवैध वसूली करने के आरोप सामने आते रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना पैसे दिए कार्य कराना मुश्किल हो गया है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक लेखपाल द्वारा पैसे लेने की बात कही जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
बताया जाता है कि मिल्कीपुर तहसील में भ्रष्टाचार के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। पूर्व में एंटी करप्शन टीम द्वारा कुछ लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा चुकी है। इसके बावजूद समय-समय पर रिश्वतखोरी की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे राजस्व व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वायरल वीडियो और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अब लोगों की निगाहें उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर सुधीर कुमार की कार्रवाई पर टिकी हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, तो भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकता है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन वायरल वीडियो के बाद तहसील क्षेत्र में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।
