जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के बनीडीह गांव में पुरानी चुनावी रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। शुक्रवार की शाम दबंगों ने रास्ते में रोककर एक अधेड़ की जमकर पिटाई कर दी और उसकी बाइक को भी बुरी तरह तोड़ डाला। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार बनीडीह गांव निवासी राजेश मिश्रा शुक्रवार शाम साधिरनगंज बाजार से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही प्रधान परिवार के अनुज मिश्रा, संजय मिश्रा, अमन मिश्रा, मोहित शुक्ला और दीपक मिश्रा ने उन्हें रोक लिया। सभी ने मिलकर पहले उनकी बाइक में तोड़फोड़ की और फिर लाठी-डंडों से राजेश मिश्रा पर हमला कर दिया।
हमले में राजेश मिश्रा को गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो सभी आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि इससे पहले भी उक्त दबंग कई बार उनके परिवार के साथ मारपीट कर चुके हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष रामपुर विनोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
