रिपोर्ट सुनील कुमार पांडे
बेनीपुर प्रखंड क्षेत्र के हाबीभौआर गांव में होली के अवसर पर निकाले गए लक्ष्मी नारायण भगवान के डोला कीर्तन जुलूस के दौरान अचानक पथराव की घटना हो गई, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में भजन-कीर्तन के समापन के बाद भगवान की सजी हुई डोली को श्रद्धालुओं द्वारा पूरे गांव में शोभायात्रा के रूप में निकाला जा रहा था। जुलूस विभिन्न मोहल्लों से गुजरते हुए जब दलित टोले के पास पहुंचा, तभी कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से घरों की छतों से पत्थरबाजी शुरू कर दी गई।
अचानक हुई इस घटना से जुलूस में शामिल लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। पथराव में चौकीदार समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल बेनीपुर में भर्ती कराया गया, जहां से दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष कुमार झा, एसडीपीओ बासुकीनाथ झा, बीडीओ प्रवीण कुमार और सीओ अश्वनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल गांव में पुलिस कैंप कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्रशासन के अनुसार मामले में मनोज पासवान सहित चार नामजद और आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि गांव में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है।
