मछलीशहर,जौनपुर- जौनपुर पत्रकार संघ इकाई मछलीशहर द्वारा होली मिलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन रविवार, 29 मार्च को कमला हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमला हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. आर.बी. चौहान रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में लालती हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. दीपक दुबे तथा वार्ड संख्या 34 से जिला पंचायत सदस्य पद के भावी प्रत्याशी पंकज दुबे उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण,अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।इसके साथ ही जौनपुर पत्रकार संघ इकाई मछलीशहर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का भी स्वागत-सत्कार किया गया। समारोह के दौरान सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द व भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. आर.बी. चौहान ने कहा कि होली जैसे पर्व समाज में प्रेम,एकता और सद्भाव को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। जौनपुर पत्रकार संघ द्वारा प्रत्येक वर्ष आयोजित यह होली मिलन समारोह आपसी समन्वय और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देता है।वहीं विशिष्ट अतिथि पंकज दुबे ने अपने संबोधन में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे समय में आपसी भाईचारा और एकता का महत्व और भी बढ़ जाता है।कार्यक्रम का संचालन जौनपुर पत्रकार संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शरद सिंह ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकार साथी लोग उपस्थित रहे, जिससे समारोह का वातावरण उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण बना रहा।
