बरसठी में दो जगह ट्रैक्टर की टक्कर से दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर

बृज बिहारी दुबे
By -
 रिपोर्ट  शिवेंद्र राजन सिंह 

बरसठी। थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दूसरे को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया।

पहली घटना खोइरी गांव के बंधवा-जमालापुर मार्ग पर स्थित शंकर जी मंदिर के समीप हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर और स्कूटी बंधवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था, तभी अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी सवार श्यामजी गौतम उर्फ कालिया (30) पुत्र पतिलाल निवासी खोइरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके मुंह व नाक से खून आने लगा। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसठी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया। टक्कर के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसा। बताया जाता है कि ट्रैक्टर सिंह ईंट उद्योग, कान्हपुर केशव सिंह के यहां कार्यरत चालक चला रहा था।

दूसरी घटना कान्हपुर गांव के समीप हुई। यहां पिंटू गौतम (32) पुत्र नेहरूलाल निवासी सोतीपुर बाइक से जा रहा था। ओवरटेक करने के प्रयास में वह ट्रैक्टर के पास पहुंचा, तभी ट्रैक्टर चालक ने अचानक स्टेयरिंग घुमा दिया, जिससे बाइक सवार असंतुलित होकर घायल हो गया। उसे हाथ में खरोंच सहित मामूली चोटें आई हैं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!