मिठाई की दुकान में आग, लाखों का सामान जलकर राख, देर रात अज्ञात शरारती तत्वों पर आगजनी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

बृज बिहारी दुबे
By -
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के शिवरामपुर चट्टी पर बीती रात एक मिठाई की दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार ने अज्ञात शरारती तत्वों पर आगजनी का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश सामान जल चुका था।

डायल 112 की सतर्कता से मिली घटना की जानकारी
 बताया जाता है कि शिवरामपुर गांव निवासी अवधेश पाल की मिठाई और नाश्ते की दुकान शिवरामपुर चट्टी पर स्थित है। रोज की तरह वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। देर रात गश्त कर रही डायल 112 पुलिस की गाड़ी ने दुकान से उठती आग की लपटें देखीं। पुलिसकर्मियों ने दुकान पर लगे पेटीएम के क्यूआर कोड को स्कैन कर दुकानदार का विवरण निकाला और तत्काल उन्हें सूचना दी।




आग की चपेट में आया लाखों का सामान
 सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दुकान धू-धू कर जल रही थी। आग की चपेट में आकर दो गुमटी, दो काउंटर, अंदर रखी मिठाइयां और नाश्ते का सामान, तेल, रिफाइन, घी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, टीनशेड तथा हजारों रुपये नकद जलकर खाक हो गए। देखते ही देखते पूरी दुकान आग की लपटों में घिर गई।


दमकल की मशक्कत के बाद आग पर काबू
 घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक अधिकांश सामान जल चुका था और दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

थाने में दी गई तहरीर, जांच शुरू
 भुक्तभोगी दुकानदार ने गुरुवार को मिर्जामुराद थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पाण्डेय ने बताया कि दुकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। लोग प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित दुकानदार को उचित सहायता देने की मांग कर रहे हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!