ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 में खुला पहला श्रमिक सुविधा केंद्र, दादरी विधायक तेजपाल नागर ने किया उद्घाटन।

बृज बिहारी दुबे
By -
रिपोर्ट - भोला ठाकुर 


ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक हब के रूप में पहचान बना चुके गौतमबुद्ध नगर में श्रमिकों की सुविधा के लिए एक नई पहल की गई है। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 क्षेत्र में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के संयुक्त प्रयास से जिले का पहला श्रमिक सुविधा केंद्र शुरू किया गया। सोमवार को इसका उद्घाटन दादरी विधायक तेजपाल नागर ने किया। इस दौरान प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव सहित IBA के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।
उद्घाटन अवसर पर विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीति है कि मजदूरों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। गौतमबुद्ध नगर में बड़ी संख्या में उद्योग स्थापित हैं, जहां रोजगार की तलाश में दूर-दराज से श्रमिक आते हैं। अब उन्हें काम की जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इस केंद्र के माध्यम से श्रमिकों को विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी एक ही स्थान पर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि अब तक श्रमिकों को सर्दी, गर्मी और बारिश में सड़कों पर खड़े होकर काम की तलाश करनी पड़ती थी। इसी समस्या को देखते हुए इस सुविधा केंद्र की स्थापना की गई है। यहां श्रमिकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, टीवी तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रतीक्षा कक्ष की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आगे एसी सहित अन्य सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी।
यह केंद्र जिले का पहला श्रमिक सेवा केंद्र है, जहां श्रमिकों की काम से जुड़ी समस्याओं के समाधान की व्यवस्था भी की गई है। केंद्र के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी IBA को सौंपी गई है।
कार्यक्रम में IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय, उपाध्यक्ष खुशबू सिंह, नरेश चौहान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। विधायक ने इसे एक सकारात्मक शुरुआत बताते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर औद्योगिक क्षेत्रों में ऐसे और केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!