मड़ियाहूं (जौनपुर): मड़ियाहूं ब्लॉक के जियानपुर गांव में विकास का पहिया कीचड़ और गड्ढों में फंसकर रह गया है। 600 मीटर सीसी रोड की मांग को लेकर आज ग्रामीणों का सब्र जवाब दे गया। जज सिंह अन्ना के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर जिलाधिकारी (DM), उप-जिलाधिकारी (SDM) और वीडीओ (BDO) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासन को कुंभकर्णी नींद से जागने की चेतावनी दी।
*क्या है पूरा मामला?*
ग्रामीणों की मांग है कि भोलू यादव की दुकान से लेकर चौरा माता मंदिर, रमाशंकर के घर और सूर्यबली यादव के मकान से होते हुए नहर और अमरजीत यादव के घर तक 600 मीटर की सीसी रोड का निर्माण तुरंत कराया जाए।
हादसों का गवाह बना खड़ंजा
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का पुराना खड़ंजा पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। सड़क की हालत इतनी जर्जर है कि यहां प्रतिदिन एक्सीडेंट हो रहे हैं। स्थिति यह है कि आए दिन सड़क पर चलने को लेकर ग्रामीणों में विवाद और मारपीट की नौबत आ जाती है।
विधायक की चिट्ठी और वीडीओ की पैमाइश भी बेअसर
ग्रामीणों ने बताया कि स्थानीय विधायक ने भी इस सड़क के निर्माण के लिए पत्र लिखा था। जिसके बाद वीडीओ ने सड़क की नाप-जोख (पैमाइश) तो कराई, लेकिन नतीजा 'ढाक के तीन पात' रहा। प्रशासन की इस उदासीनता से नाराज होकर आज जज सिंह अन्ना और ग्रामीणों ने विशाल प्रदर्शन कर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। अनीश दुबे,भोनू यादव, बृज यादव गिरजा शंकर यादव कल्लू यादव अमृत यादव कई महिलाओं ने भाग लिया
