रिपोर्ट सत्यदेव पांडे
चोपन (सोनभद्र)। जनजातीय गौरव दिवस एवं बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर आगामी 15 नवंबर को आदर्श नगर पंचायत चोपन के रेलवे ग्राउंड में होने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच गई हैं। कार्यक्रम को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासनिक एवं संगठन स्तर पर तेजी से कार्य जारी है। सोमवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल सहित भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता,समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गौड़,सदर विधायक भूपेश चौबे,पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा,पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा,पूर्व सांसद नरेन्द्र कुशवाहा, जिलाधिकारी बद्री सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, उपजिलाधिकारी विवेक सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने रेलवे ग्राउंड पहुँचकर कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा प्रबंध, बैठने की सुविधा, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा शिविर, अग्निशमन तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूर्ण करने के दिशा-निर्देश दिए गए।राज्य मंत्री संजीव गोंड़ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के आगमन में किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए। उन्होंने नगर पंचायत को सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा स्वागत मार्ग को आकर्षक बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य करने का आग्रह किया। इधर जगह-जगह साफ-सफाई, सजावट और व्यवस्था को दुरुस्त करने की कार्रवाई जारी है। रेलवे ग्राउंड में मंच निर्माण, साउंड सिस्टम, जनसभा क्षेत्र के विस्तार और सुरक्षा घेराबंदी का कार्य तेज गति से हो रहा है। आगामी 15 नवंबर को होने वाला यह कार्यक्रम जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा, बिरसा मुंडा की स्मृति तथा प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धताओं को समर्पित होगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली, संजीव तिवारी, सुनील सिंह , प्रदीप अग्रवाल,उमेश सिंह पटेल, लवकुश भारती, लिपिक अंकित पाण्डेय आदि मौजूद रहे|
