गिरिडीह। अखिल विश्व गायत्री परिवार के बैनर तले रविवार को जिलेभर में माता भगवती देवी शर्मा के महाप्रयाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं। इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह 7 से 11 बजे के बीच एक घंटे का अखंड जप और सामूहिक गायत्री महायज्ञ किए गए। श्रद्धालुओं ने स्वस्थ, सुखी और उज्जवल जीवन के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
गायत्री परिवार के प्रमुख कामेश्वर सिंह ने बताया कि माता भगवती देवी शर्मा का महाप्रयाण वर्ष 1994 में भाद्रपद पूर्णिमा को हुआ था। पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के महाप्रयाण के बाद उन्होंने चार वर्षों तक मिशन का नेतृत्व करते हुए देश-विदेश में अश्वमेध महायज्ञों का आयोजन किया। नारी जागरण अभियान की शुरुआत कर उन्होंने महिला सशक्तिकरण में अभूतपूर्व योगदान दिया और महिला मंडलों को महायज्ञ संचालन का अधिकार प्रदान किया। आज देशभर की लाखों महिलाएं उनके प्रेरणा मार्ग पर चलते हुए नियमित गायत्री उपासना कर रही हैं।
इस दौरान ग्राम लेदा और ग्राम गुरहा में साप्ताहिक गायत्री महायज्ञ, सामूहिक जप और मंत्र लेखन अभियान की भी शुरुआत की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश कुमार राम, भवानी प्रसाद वर्मा, किशोरी शर्मा, राम प्रसाद नायक, संजय चौरसिया, काशी प्रसाद, बुधन चंद यादव, किशुन महतो, शिवप्रसाद राम, विशेश्वर साव, मनोज शर्मा, अनिल कुमार साव, बलराम विश्वकर्मा, रेखा देवी, संगीता साव, सरिता साव, माधुरी गुप्ता, स्नेहलता देवी, पूनम गुप्ता और पूनम देवी सहित सैकड़ों भाई-बहनों ने सक्रिय योगदान दिया।