रिपोर्टर दीपक शुक्ला
*धामपुर (बिजनौर)।* पूर्व जिलाधिकारी एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह 16 नवंबर 2026 को धामपुर में आयोजित अपने प्रिय मित्र एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सिसौदिया की पुत्री के तिलकोत्सव समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने सिसौदिया परिवार के साथ आत्मीय समय बिताया और समारोह में उपस्थित जनपद बिजनौर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
इस दौरान डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने अपने पुराने शैक्षणिक दिनों की स्मृतियां साझा करते हुए बताया कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने के दौरान उनकी और वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सिसौदिया की गहरी मित्रता रही है। दोनों के बीच सदैव एक-दूसरे के प्रति संवेदनशीलता, आत्मीयता और सम्मान का भाव बना रहा। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के सिलसिले में इलाहाबाद जाते समय दोनों एक ही ट्रेन, इलाहाबाद-सहारनपुर पैसेंजर से साथ यात्रा किया करते थे। उस दौर की अनेक यादें आज भी उनके मन में ताजा हैं।
तिलकोत्सव समारोह में पुराने मित्र से मुलाकात के दौरान शिक्षा के दिनों की यादें फिर से जीवंत हो उठीं। दोनों ने पुराने अनुभवों और बीते समय की अनेक घटनाओं को याद किया। डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने कहा कि जीवन में कुछ रिश्ते समय के साथ और भी मजबूत होते जाते हैं। शिक्षा के दौरान बने आत्मीय संबंध आज भी उसी अपनत्व और विश्वास के साथ कायम हैं।
समारोह में धामपुर तहसील एवं जनपद बिजनौर के तमाम गणमान्य लोगों से परिचय और संवाद का अवसर भी मिला। विभिन्न सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर हुई बातचीत को उन्होंने सुखद और यादगार बताया।
इस अवसर पर डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि तिलकोत्सव के इस शुभ अवसर पर दोनों परिवारों के बच्चों को दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, यश, कीर्ति और ऐश्वर्य की प्राप्ति हो। उनका जीवन सुख, समृद्धि और खुशियों से परिपूर्ण रहे।
उन्होंने सिसौदिया परिवार के प्रति अपनी आत्मीय शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे पारिवारिक आयोजन पुराने रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाने के साथ ही सामाजिक सद्भाव एवं आपसी प्रेम को भी मजबूत करते हैं।
