बैराज घाट पर छठ पूजा में शामिल हुए पूर्व जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह, भगवान सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य*

बृज बिहारी दुबे
By -

रिपोर्टर दीपक शुक्ला 

 *बिजनौर* । लोकआस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर पूर्व जिलाधिकारी एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह बिजनौर स्थित बैराज घाट पहुंचे। यहां उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच एक सामान्य नागरिक के रूप में छठ महापर्व में सहभागिता की और विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य को दूध एवं जल से अर्घ्य अर्पित कर जनकल्याण, सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने छठ पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और भगवान सूर्य के प्रति अटूट आस्था का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण, अनुशासन, पवित्रता, त्याग और समर्पण का संदेश देता है। छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, पारिवारिक एकजुटता और लोककल्याण की भावना को मजबूत करने वाला पर्व भी है।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व में व्रती महिलाएं और पुरुष लगभग 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखकर कठिन तपस्या एवं साधना करते हैं। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की जाती है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें प्रकृति के प्रत्यक्ष स्वरूप भगवान सूर्य और जल की महत्ता को विशेष स्थान दिया गया है।
डॉ. सिंह ने अपने भाव साझा करते हुए कहा कि मां गंगा के पावन तट पर उनका बचपन और शैक्षणिक जीवन व्यतीत हुआ है। ऐसे में बैराज घाट पर छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच पहुंचना उनके लिए अत्यंत भावुक, आत्मीय और सुखद अनुभव रहा। घाट पर श्रद्धालुओं की आस्था, भक्ति और उत्साह देखकर उन्हें भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का जीवंत स्वरूप देखने को मिला।
उन्होंने भगवान सूर्य से प्रार्थना की कि उन्हें सदैव जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की शक्ति, ऊर्जा और प्रेरणा मिलती रहे, ताकि समाज के जरूरतमंद, वंचित और असहाय लोगों के हित में यथासंभव योगदान दे सकें।
अंत में पूर्व जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने छठ महापर्व पर समस्त जनपदवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि भगवान सूर्य और छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली बनी रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!