रिपोर्टर दीपक शुक्ला
रामपुर, जौनपुर। नगर पंचायत रामपुर कार्यालय परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार जायसवाल एवं अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार जायसवाल ने महात्मा गांधी के विचारों और उनके स्वच्छता के संदेश पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता को स्वस्थ और विकसित समाज की बुनियादी आवश्यकता माना था। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं नगरवासियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जिम्मेदारी मानकर स्वच्छ एवं सुंदर नगर पंचायत के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।
अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और आदर्शों को याद करते हुए कहा कि दोनों महापुरुषों ने देशहित, ईमानदारी, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझे और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखे।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा नगर को साफ-सुथरा रखने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही स्वच्छ भारत दिवस के रूप में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर की साफ-सफाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
इस मौके पर वरिष्ठ लिपिक मनीष कुमार मिश्रा सहित सभासद राजेंद्र जायसवाल, दीपक जायसवाल, इरफान अंसारी, दीनानाथ सरोज,सनोज, सुजीत गुप्ता, विशाल दुबे, सौरभ, विपिन दुबे, रिंकू दुबे, राजा बाबू विश्वकर्मा, लव त्रिपाठी, मनीष शुक्ला, सुशील, साहिल, अंशु जायसवाल, राम आसरे, अभिनव तिवारी, वीरेंद्र पटेल, अमित चौरसिया, अच्छे सिंह सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा नगर पंचायत रामपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प लिया।
