*रिपोर्टर दीपक शुक्ला*
*सहारनपुर* । जापान में आयोजित 20वें एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाली ग्राम झबीरन, तहसील नकुड़ निवासी धाविका प्राची चौधरी के गांव पहुंचने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पूर्व जिलाधिकारी सहारनपुर एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने प्राची को अंगवस्त्र पहनाकर अपनी हस्तलिखित पुस्तक ‘कर्मकुंभ’ भेंट कर सम्मानित किया।
डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि प्राची ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष के बल पर सहारनपुर ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना अन्य प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी है।
सम्मान समारोह में अनिल कंबोज, मनमोहन कंबोज, स्वामी श्री संदीप मित्तल सहित अन्य लोगों ने पुष्प एवं मिष्ठान भेंट कर प्राची की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। इस दौरान जितेंद्र सिंह चौहान एवं उनके पुत्र ने शिव तांडव की मनोहारी प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया।
डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना समाज की जिम्मेदारी है। प्राची चौधरी की सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
