भारी बारिश के बीच देर रात सड़कों पर उतरे जौनपुर जिलाधिकारी, शहर का लिया जायजा

बृज बिहारी दुबे
By -


जौनपुर में देर रात हुई भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी ने शहर के विभिन्न इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, हनुमान मंदिर के समीप, पॉलिटेक्निक चौराहा, बदलापुर पड़ाव और ओलन्दगंज स्थित राजा साहब की बिल्डिंग सहित गोमती नदी क्षेत्र का जायजा लिया।

इस दौरान जलभराव, जल निकासी, साफ-सफाई, नागरिक सुविधाओं और गोमती नदी के जलस्तर की स्थिति देखी गई। निरीक्षण के दौरान गोमती नदी का जलस्तर सामान्य पाया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को भारी बारिश को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

वहीं, शहर में चिन्हित जर्जर भवनों को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को नोटिस की कार्रवाई करते हुए नियमानुसार सुरक्षित ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने और जर्जर भवनों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

आगामी दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

इसके साथ ही सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा पशुओं को तत्काल पकड़कर गौशालाओं में संरक्षित कराने के भी निर्देश दिए गए।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!