पैतृक आबादी की जमीन पर कब्जे का आरोप, पीड़ित ने अधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार
मड़ियाहूं तहसील के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव निवासी रामकृपाल पाल पुत्र घासी पाल ने अपनी पैतृक आबादी की जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने मामले को लेकर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं, जिलाधिकारी जौनपुर तथा मुख्यमंत्री को लिखित शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, दो भाइयों के बीच पूर्व में बंटवारा हो चुका है। बंटवारे के बाद एक भाई का मकान बना हुआ है, जबकि उसका हिस्सा पुराना कच्चा मकान होने के कारण वर्तमान में खंडहर के रूप में है। आरोप है कि मनोज पाठक व प्रदीप पाठक पुत्र रामसेवक पाठक तथा सतीश पाठक और कुलदीप पाठक पुत्र राजकुमार पाठक समेत करीब 20 अन्य लोगों को बुलाकर उसकी आबादी की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
रामकृपाल पाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं के निर्देश पर हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित के मुताबिक, लेखपाल ने बताया कि आबादी की जमीन पर खंडहर वाले स्थान पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। वहीं, थानाध्यक्ष द्वारा मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया।
पीड़ित का कहना है कि विपक्षी पक्ष जमीन को अपनी भूमिधरी बता रहा है। मामले को लेकर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं ने निर्माण कार्य रुकवाते हुए कहा है कि जमीन की पैमाइश होने से पहले वहां कोई निर्माण नहीं किया जाएगा।
राम नरेश पाल ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष की ओर से उन्हें जान से मरवाने की धमकी भी दी जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि रात के समय उनकी पुश्तैनी जमीन पर दोबारा अवैध कब्जा किया जा सकता है।
पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से आबादी की जमीन को कब्जामुक्त कराने, मामले की निष्पक्ष पैमाइश एवं जांच कराने तथा अपने जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। वहीं, मामले में विपक्षी पक्ष का पक्ष सामने नहीं आ सका है।
