जौनपुर/मड़ियाहूं: सुरेरी थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात विद्युत ऑपरेटर के साथ मारपीट और सरकारी अभिलेख फाड़ने के आरोप का मामला तूल पकड़ गया है। घटना से आक्रोशित विद्युत संविदा कर्मियों और मीटर रीडरों ने सुरेरी 33/11 केवी उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते हुए आरोपी आरक्षी के खिलाफ कार्रवाई और निलंबन की मांग की।
पीड़ित ऑपरेटर अजय कुमार सिंह के अनुसार, वह 5 सितंबर को उपकेंद्र पर ड्यूटी पर तैनात था। बिजली आपूर्ति बाधित होने के दौरान एक आरक्षी उपकेंद्र पहुंचा और कथित तौर पर बिजली आपूर्ति को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद ऑपरेटर के साथ लाठी से मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं। मोबाइल से फोटो लेने का प्रयास करने पर मोबाइल क्षतिग्रस्त करने तथा शिफ्ट और शिकायत रजिस्टर फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही रविवार को विद्युत कर्मियों में आक्रोश फैल गया। संविदा कर्मियों और मीटर रीडरों ने उपकेंद्र परिसर में पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोपी आरक्षी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उसे निलंबित करने की मांग की।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वे कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन करेंगे। बाद में विभागीय अधिकारियों के समझाने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सुरेरी दिव्य प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी आरक्षी को उच्चाधिकारियों द्वारा लाइन हाजिर कर दिया गया है। तहरीर प्राप्त हो चुकी है और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
