मछलीशहर/जौनपुर- मछलीशहर के पूर्व सांसद बी.पी. सरोज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर लोकसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित कुंवरपुर रजवाहा के किनारे बनने वाली सड़क के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपते हुए परियोजना के लिए शीघ्र धनराशि स्वीकृत एवं अवमुक्त कराने का अनुरोध किया।पूर्व सांसद द्वारा 4 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री को दिए गए पत्र में बताया गया है कि कुंवरपुर रजवाहा नगर की पटरी पर कुंवरपुर–मधुपुर मार्ग से कुंवरपुर सरोज बस्ती,बिंद बस्ती,यादव बस्ती,होते हुए खाखोपुर सरोज बस्ती से राजस्व ग्राम बरेठी तक लगभग चार किलोमीटर सड़क का निर्माण सिंचाई विभाग जौनपुर द्वारा कराया जाना प्रस्तावित है।परियोजना के लिए शासन से धनराशि की स्वीकृति मिल चुकी है,लेकिन निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए टोकन मनी जारी किया जाना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद ने इस परियोजना को जनहित से जुड़ा बताते हुए जल्द धनराशि अवमुक्त कराने की मांग की।उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को वर्षभर बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।पूर्व सांसद बी.पी. सरोज ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात को गंभीरता से सुना और परियोजना पर सकारात्मक एवं सार्थक आश्वासन दिया। उम्मीद है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही कुंवरपुर रजवाहा मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ होगा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पूर्व सांसद बी.पी. सरोज के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है। इस दौरान पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की अन्य विकास संबंधी समस्याओं और जनहित के मुद्दों को भी उठाया।
