प्रयागराज। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश माध्यमिक संवर्ग के प्रदेश महामंत्री डॉ. संतोष कुमार शुक्ल ने शुक्रवार को प्रयागराज स्थित सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य से भेंट कर प्रधानाचार्य भर्ती-2013 में चयनित प्रधानाचार्यों के लंबित पैनल जारी कराने की मांग प्रमुखता से उठाई।
डॉ. संतोष कुमार शुक्ल के नेतृत्व में चयनित प्रधानाचार्यों के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रधानाचार्य भर्ती-2013 के संबंध में प्रयागराज मंडल सहित प्रदेश के शेष मंडलों के पैनल अभी तक जारी नहीं किए गए हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि चयनित प्रधानाचार्यों के हित में लंबित प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर पैनल जारी किए जाएं, ताकि चयनित अभ्यर्थियों को लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा से राहत मिल सके।
डॉ. शुक्ल ने बताया कि 31 जुलाई को चयनित प्रधानाचार्य साथियों के पक्ष में निर्णय आया है और इस निर्णय से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भी अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक पैनल जारी नहीं होने पर उन्होंने उपमुख्यमंत्री से इस मामले में आवश्यक हस्तक्षेप करते हुए पैनल शीघ्र जारी कराने का आग्रह किया।
शिक्षकों की सेवा सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया
डॉ. संतोष कुमार शुक्ल ने मुलाकात के दौरान अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की सेवा सुरक्षा का महत्वपूर्ण विषय भी उठाया। उन्होंने शासन स्तर पर शिक्षकों की सेवा सुरक्षा से संबंधित धारा 21 को पुनः उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की नियमावली में समाहित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को सेवा सुरक्षा प्रदान करने से उनमें शासन एवं सरकार के प्रति विश्वास और सकारात्मक भाव मजबूत होगा तथा प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को भी अधिक स्थायित्व मिलेगा।
कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए सरकार का जताया आभार
महामंत्री डॉ. संतोष कुमार शुक्ल ने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों को प्रदान की गई कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए मुख्यमंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति धन्यवाद भी ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हित में लागू की गई ऐसी कल्याणकारी योजनाएं उनके सामाजिक एवं व्यावसायिक हितों को मजबूती प्रदान करती हैं।
डॉ. शुक्ल ने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े विषयों को शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना संगठन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर चयनित प्रधानाचार्य डॉ. शैलेश पांडेय, डॉ. अभिषेक मिश्र, डॉ. योगेंद्र सिंह, डॉ. दिलीप, डॉ. शिव ओम तिवारी, डॉ. पवन तिवारी, श्री जगदीश जी, श्री कृष्ण त्रिपाठी, शुभेंदु मिश्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
