नेवढ़िया (जौनपुर)। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के पड़राव गांव में जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ईंट उतरवाने के दौरान हुए विवाद में 75 वर्षीय बुजुर्ग, उनकी पत्नी और बेटे के साथ मारपीट की गई, जिससे परिवार में भय का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अखिलेश पांडेय अपनी भूमि पर ट्रैक्टर से ईंट उतरवा रहे थे। इसी दौरान पहले से चल रहे भूमि विवाद को लेकर अशोक पांडेय मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर से ईंट उतरवाने का विरोध करने लगे। आरोप है कि उन्होंने लाठी लेकर ट्रैक्टर चालक को दौड़ा लिया। जब अखिलेश पांडेय ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि इसी बीच अशोक पांडेय, रीता, पूनम और नीतू ने मिलकर 75 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला कर दिया। बुजुर्ग को बचाने पहुंची उनकी पत्नी तथा बेटे सुनील के साथ भी मारपीट की गई। घटना में तीनों को चोटें आई हैं।
