बरसठी, जौनपुर। लगभग 20 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) जयरामपुर का संचालन बुधवार को प्रारंभ हो गया। समाजसेवी जज सिंह अन्ना ने फीता काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया, जबकि डॉ. सूर्यभान पटेल ने नारियल फोड़कर शुभारंभ कराया।
यह अस्पताल जिलाधिकारी जौनपुर एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) जौनपुर के विशेष निर्देश पर आज से संचालित किया गया। उद्घाटन अवसर पर डॉ. सूर्यभान पटेल, डॉ. सर्वेश मिश्रा, डॉ. पूर्णिमा राव, कामना राय (एएनएम) एवं शिवहरि पाठक (फार्मासिस्ट) उपस्थित रहे।
फिलहाल अस्पताल में स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति न होने के कारण सीएचसी बरसठी से रोस्टर व्यवस्था के तहत डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। 9 जुलाई को डॉ. सर्वेश मिश्रा की ड्यूटी रही। अस्पताल का समय 1 अक्टूबर तक प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तथा उसके बाद प्रातः 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे निर्धारित किया गया है।
हालांकि अस्पताल में अभी केवल दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं। बेड, पैथोलॉजी, आवश्यक चिकित्सा उपकरण, बिजली, पानी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। अन्ना ने बताया कि समरसेबल, पंखे सहित कई सामान चोरी हो चुके हैं, जिन्हें शीघ्र उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
जज सिंह अन्ना ने बताया कि पीएचसी जयरामपुर के संचालन के लिए उन्होंने वर्ष 2020 से लगातार संघर्ष किया तथा पिछले एक माह में जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक तथा सीएमओ को कई ज्ञापन देकर 10 जुलाई से आमरण अनशन की घोषणा की थी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल का संचालन शुरू होना जनता की बड़ी जीत है, लेकिन जब तक यहां स्थायी डॉक्टर, आवश्यक स्टाफ, चिकित्सा उपकरण एवं सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई से प्रस्तावित आंदोलन के संबंध में अंतिम निर्णय स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
